Custom Search

Sunday, March 23, 2008

दुनिया से नाराज एक लेखक की इच्छा मृत्यु

"मैं एक ऐसा आदमी हूं जो, जैसा चल रहा है उससे, नाखुश है। दुनिया जैसी है, उसे उसी रूप में हम स्वीकार नहीं कर सकते। जिस तरह से अन्याय हो रहे हैं, उसे देखते हुए हमें हर सुबह एक नाराज इंसान के तौर पर आंखें खोलनी चाहिए।"

सॉरो ऑफ बेल्जियम के मशहूर लेखक ह्यूगो क्लॉस ने 78 साल की उम्र में अपने लिए इच्छा मृत्यु चुन ली। वो एल्जाइमर्स से पीड़ित थे। इच्छामृत्यु को बेल्जियम में कानूनी मान्यता प्राप्त है।

ह्यूगो क्लॉस बेल्जियम समाज और खासकर चर्च और व्यक्ति के अन्यायपूर्ण संबंधों बारे में लगातार तीखा लेखन करते रहे। उनके बारे में आप यहां जानकारी ले सकते हैं।

Thursday, March 20, 2008

थैक यू, मिस तस्लीमा, नाउ स्माइल प्लीज!

- दिलीप मंडल

अच्छा किया, तुम भारत से दफा हो गई। हम वसुधैव कुटुंबकम वाले हैं। क्या अपना-क्या पराया। भारत में रहो या स्वीडेन में। एक ही तो बात है। चलो अच्छा हुआ एक मुसीबत टली। वाममोर्चा की ओर से तुम्हें खास तौर पर धन्यवाद। तुम्हारा कोलकाता में होना हमें शर्मिंदा कर रहा था। तुम्हारा भारत में होना हमारे लिए मुसीबत बन गया था।

तस्लीमा तुम जानती ही हो। इस बूढ़े रजिंदर सच्चर ने ऐसी रिपोर्ट दे दी है कि हमारी मुसीबत हो गई है। हमारी सरकार ने सच्चर को सूचना दी कि पश्चिम बंगाल में 25 फीसदी मुसलमान हैं और राज्य सरकार की नौकरियों में उनकी संख्या 2.1 फीसदी है। सच्चर ने ये रिपोर्ट छाप दी तो हमारे राज्य में मुसलमान नौकरी मांगने लगे। नंदीग्राम में भी तो ज्यादातर मुसलमान बर्गादार हैं। वो जमीन का ऊंचा मुआवजा मांगने लगे। ये भी कोई बात है। हम उन्हें सुरक्षा दे रहे हैं। उन्हें दंगों से होने वाली मौत से आजादी दिला दी। अब वो भूख से होने वाली मौत से आजादी चाहते हैं। ये भी कोई बात है।

तस्लीमा तुम तो जानती ही हो कि हम मुसलमानों को नौकरियां नहीं दे सकते। लेकिन उन्हें कुछ तो देना ही था। पंचायत चुनाव सिर पर हैं। मुसलमानों को ट्रॉफी के तौर पर हमने तुम्हारा राज्य निकाला और फिर देश निकाला दे दिया। वो भी खुश, हम भी खुश। उनका मजहब बच गया, हमारी राजनीति बच गई।

तस्लीमा तुम भी हंसो ना। स्माइल प्लीज।

Wednesday, March 19, 2008

उत्तम वाणिज्य, मध्यम चाकरी

अधम खेती, भीख निदान

जी हां, इक्कीसवीं सदी के भारत का, लगता है, यही सच है। खेती का सकल घरेलू उत्पाद में हिस्सा घटकर 17.5 फीसदी रह गया है। लेकिन अभी भी काम करने वाले देश के आधे लोग लोग खेती में ही जुटे हैं। मतलब आमदनी अठन्नी, खाने वाले ढेर सारे। नतीजा है गांवों में तेजी से बढ़ती बदहाली और उससे भी तेजी से गांवों से शहरों में हो रहा पलायन। मुंबई से लेकर पंजाब और देश के कई और हिस्सों में तनाव का इससे सीधा नाता है। विवाद के कई पहलू हैं। पढ़िए अमर उजाला के संपादकीय पन्ने पर मेरा एक लेख, जो आज ही छपा है।

Tuesday, March 18, 2008

1000 करोड़ का कफ सिरप पी जाते हैं इस देश के लोग

कफ सिरप यानी वो दवा जिससे दुनिया की किसी बीमारी का इलाज नहीं होता। दुनिया का हर डॉक्टर जानता है कि खांसी-जुकाम जल्द ठीक करने में कफ सिरप की कोई भूमिका नहीं है। ओवर द काउंटर कफ सिरप लेना खासकर बच्चों के लिए खतरनाक हो सकता है। यूएस एफडीए कह चुका है कि दो साल से छोटे बच्चों को देना उनके लिए जानलेवा हो सकता है।

यूएस एफडीए की 17 जनवरी 2008 को जारी वार्निंग पढ़ें-

"The FDA strongly recommends to parents and caregivers that OTC cough and cold medicines not be used for children younger than 2," said Charles Ganley, M.D., director of the FDA's Office of Nonprescription Products. "These medicines, which treat symptoms and not the underlying condition, have not been shown to be safe or effective in children under 2."


2 साल से बड़े बच्चों के बारे में एफडीए की स्टडी का नतीजा आना है लेकिन उसकी साफ राय है कि

"Understand that these drugs will NOT cure or shorten the duration of the common cold"


भारत में सेहत को लेकर अज्ञान और डॉक्टर को बिना वजह भगवान मानने की प्रवृत्ति इतनी प्रबल है कि इस बारे में सवाल भी नहीं उठता कि जिस देश में हर साल साढ़े तीन लाख लोग टीबी से मरते हैं वहां सबसे ज्यादा बिकने वाली दवा का नाम कोरेक्स क्यों है। देश में एक महीने में कोरेक्स की सेल से फाइजर को साढ़े तेरह करोड़ रुपए मिलते हैं। दवा की मासिक सेल की रिपोर्ट इसी हफ्ते आई है। कोरेक्स है तो प्रेस्क्रिप्शन ड्रग पर इसे आम तौर पर लोग ओवर द काउंटर ही खरीदते हैं।

क्या इस स्थिति को बदलने में भारत सरकार की इसमें कोई भूमिका हो सकती है। मेरी राय है - नहीं। इस बारे में मेरा एक लेख आप दैनिक जागरण में पढ़ सकते हैं।

Monday, March 17, 2008

आइए हाथ उठाएँ हम भी

-आर. अनुराधा




खबर संक्षेप में यह कि दिल्ली में दो बहनें शनिवार को सुबह अपने काम पर जाने के लिए निकलीं तो गली के तीन लड़कों ने उनके साथ शर्मनाक बर्ताव किया, लोगों के बीच उनके कपड़े तक फाड़ डाले। ये लड़के रोज़ उनमें से एक लड़की को छेड़ते, परेशान करते थे। लेकिन उस घटना के रोज़ उनमें से एक, जो कराटे जानती थी, ने विरोध जताया जिससे बिफरे लड़कों ने उन पर हमला ही बोल दिया।

खबर पढ़ने के बाद मेरे जेहन में जो बात सबसे पहले दर्ज हुई वो ये कि उस दिन कराटे जानने वाली लड़की ने रोज़ रोज़ सताए जाने का विरोध (पहली बार?) किया। नतीजतन लड़के जो अब तक अपने आनंद के लिए उन्हें रास्ते में आते-जाते सताया करते थे, नाराज हो गए। लड़की, तेरी ये मजाल कि हमारे आनंद में खलल डाले! ये ले आगे के लिए सबक। लेकिन इन लड़कियों ने ऐसा कोई सबक सीखने की बजाए उन लड़कों को ही उनके इंसान होने के सबक याद दिलाने की कोशिश की। नतीजे में उनके कपड़े फाड़ डाले गए, बेइज्जत किया गया।

लेकिन लड़कियों, विश्वास करो, इस हाल में भी जीत तुम्हारी हुई है क्योंकि तुमने विरोध किया है। तुम दोनों अपनी लड़ाई लड़ती रहीं और पच्चीसों लोग तमाशा देखा किए। उस अभद्र व्यवहार, कमजोर पर अत्याचार को देखकर एक भी व्यक्ति आगे नहीं आया- इसका भी खयाल न करना। क्योंकि उन तमाशबीनों का जमीर उन्हें कभी-न-कभी इस बात के लिए जरूर कुरेदेगा भले ही इसके लिए उन्हें अपनी मां-बहन-बीवी के साथ यह होने तक इंतजार करना पड़े।

तुम शायद डर रही होवोगी कि वो तीनों गिरफ्तार होने के बावजूद जल्द ही छूट जाएंगे और फिर शायद और भी बुरे तरीके से बदला लेने की कोशिश करेंगे। यह डर तो हमें भी है क्योंकि इसे हटाने का उपाय भी तो आसान और छोटा नहीं है न! मौजूदा व्यवस्था हमें इतना भरोसा कहां देती है कि बीसियों चश्मदीद गवाहों के सामने दिन-दहाड़े हुए इस अनाचार में शामिल जाने-पहचाने, हमारे अपने लोकल अपराधियों को जल्द और पूरी सज़ा मिल पाएगी ताकि समाज में उन जैसे लोग फिर ऐसा कुछ करने से डरें और पीड़ितों को पूरा न्याय मिले।

इसके बावजूद तुम्हें विश्वास रखना होगा अपने पर, अपने जैसों पर। और इस विश्वास को अपने तक सीमित रखने की बजाए, मैं तो कहती हूं, अब वक्त आ गया है, इसे बढ़ाने का, जोड़ने का, जुड़ने का। व्यक्ति के खिलाफ व्यक्ति अपनी लड़ाई चाहे लड़ और जीत पाए, संगठित हुए बिना व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई नहीं जीती जा सकती। इसके अल्पकालिक नतीजे भले ही मिल जाएं, पर इसके जारी रहने और दीर्घकालिक परिणाम पाने के लिए ज्यादा-से ज्यादा लोगों को जुड़ना पड़ेगा।

हम सब पढ़ लिख गई है। पढ़ती भी रहती हैं- पढ़ाई के अलावा अखबार-किताबें भी। टीवी-सिनेमा देखती हैं और बहुत कुछ जानती भी हैं, सिर्फ ज्ञान से नहीं हुनर, अभ्यास से भी। विषय की जानकारी होना एक बात है, उसके बारे में सचेत और जागरुक होना इसके आगे की बात। तो क्यों न अपने ज्ञान को जागरुकता के स्तर पर ले आएँ, आपस में बांटें और पा ले अपने लिए वह सब जो हमारा हक है, जो हमेशा मारा गया है, जो हमें मिला भी तो दया या अहसान की तरह। जो हमें उम्मीदें सजाने का कारण दे, सपने पूरे करने का रास्ता दे और दे एक भरपूर जिंदगी देने का मौका।

आइए हाथ उठाएँ हम भी/
हम जिन्हें हर्फ़े दुआ याद नहीं/
हम जिन्हें सोज़े मोहब्बत के सिवा/
कोई बुत कोई ख़ुदा याद नहीं

दो पीढ़ियों की औरतों की कहानियां

आर. अनुराधा

नाना-नानी जब भी साथ घर से निकलते - हाट-बाजार, नाते- रिश्त्दार या अस्पताल। नाना आगे चलते जाते बिना एक बार भी पीछे देखे। नानी जैसे एक डोर में बंधी चलती जातीं उनके पीछे-पीछे। नाटी नानी चाहे सुनसान सड़क पर हों या भीड़ के बीच, सब कुछ परे हटाती, ठेलती जैसे बढ़ती जातीं उस भूरी 'चांद' का पीछा करते हुए। यह उनकी जिम्मेदारी होती कि तांगे में जुते घोड़े की तरह नजर जमाए रखें और 50 फीट आगे चल रहे तेज चाल नाना का अनुसरण करती जाएं। दाहिने-बाएं दुनिया होती है नानी को नहीं मालूम था। उन्हें मालूम थी तो बस वह बार-बार भीड़ में गुम होती-फिर मिलती चांद जो पूरे रास्ते एकमात्र लक्ष्य होती और एकमात्र सहारा भी। 40 साल से ज्यादा उस घर में रहीं वो लेकिन पास के बाजार से घर आने के रास्ता उन्हें कभी पता नहीं चला।

एक बार बाजार के किसी मोड़ पर नाना मुड़ गए और भीड़ में गुम हो गए। नानी सीधी सड़क चलती गईं। जब कुछ देर बाद लगा कि गायब हुई चांद तो दोबारा दिख ही नहीं रही है तो वे बौखला गईं, डर गईं। सूखे मुंह हर किसी से कहती रहीं- "मुझे घर जाना है। मुझे अपने घर जाना है। कोई पहुंचा दो।" उन्हें घर जाना नहीं आता था। कोई आधा घंटा वो उस गहरे समुद्र में फेफड़ा-भर सांस को छटपटाई होंगी। इधर नाना घर पहुंचे और मां को बोले- " देखो, तुम्हारी मां बाजार में ही कहीं रह गई। उसे इतना भी शऊर नहीं कि मेरे पीछे-पीछे आती रहे। जाओ उसे ढूंढ लाओ। " नाना की बताई जगह से काफी दूर, बाजार के परले सिरे पर बदहवास नानी को हैरान-परेशान मां ने पाया। एक-दूसरे को देखते ही दोनों कस कर गले मिलीं और फूट-फूट कर रो पड़ीं।

घर आने पर नानी को सांत्वना की जगह फिर एक झिड़की मिली मूर्ख, अज्ञानी होने की। उसके बाद से नानी ने बाजार जाना बंद कर दिया। घरेलू सामान, साड़ियां नाना खुद ला देते। और धीरे-धीरे नानी ने सामान मंगवाना भी छोड़ दिया। और लोग कहते हैं वो पागल हो गईं।

मां बड़ी हुईं और उनकी भी शादी हुई। शादी तक तो किसी को समझ में नहीं आया पर शादी के बाद मां भी सबको पागल लगतीं। एकदम नासमझ थीं वो दुनियादारी को लेकर। अपने पैर की मोच निसंकोच दादाजी को दिखातीं और उनसे आयुर्वेदिक तेल-मालिश करवातीं। देवरों से खूव खातिर करवातीं। दादी को लगता जरूर कोई जादू-टोना जानती है तभी ऐसे उजड्ड लड़के भी अपनी भाभी की हर बात झट मान लेते हैं। साइकिल पर उनके पीछे बैठ कर मेला देख आतीं। और फिर एक दिन पता चला उन्होंने साइकिल चलानी भी सीख ली है। दादी बहुत झल्लाईं। लाज-शर्म सब बेच खाई है क्या? दुनिया के सामने हमारी नाक कटा रही है। घर बैठ कर चुपचाप चूल्हा-चौका नहीं होता तुझसे? लेकिन ये नहीं हुआ उनसे, मतलब चुपचाप नहीं हुआ। घर पहुंचने वाली हिंदी अंगरेजी-हिंदी सब तरह की पत्रिकाएं पढ़तीं, यहां कर कि दादाजी की आयुर्वेद की किताबें भी।

बीस-इक्कीस की उम्र में वो अपने पति और सास-ससुर के साथ तिरुपति घूमने गईं। बस में पहाड़ी रास्ते पर लंबा सफर। उनके पेट में दर्द उठा जो बढ़ता ही गया। किसी ने ध्यान नहीं दिया, कोई उनके लिए नहीं रुका और उन्हें भी धर्मशाला में अकेले नहीं रुकने दिया गया। मंदिर के गेट से लंबी पैदल यात्रा, सब तरफ 'गोविंदा-गोविंदा ' का शोर , भीड़-भाड़, गर्मी, पसीने के बीच गर्भगृह के पास तक आते-आते मां को अचानक समझ में आया कि वह मां बनने वाली हैं। वो धम्म से वहीं किनारे बैठ गईं। दर्द असहनीय हो गया, शरीर सफेद और ठंडा पड़ने लगा, साड़ी भीगने लगी। दादी को समझ में आया तो वो दादाजी के कान में फुसफुसाईं। अब तो कोई वहां बैठने नहीं दे सकता था- अपना खून बहाती, तिरुपति बालाजी के मंदिर को अपवित्र करती उस महिला को। और उस हालत में बैठी मां दर्द की तड़प में दोहरी सी होकर लेट गईं। किसी ने कहा- पागल हुई है क्या?

तमाशा बन गया। उस हालत में कोई मदद करता, डॉक्टर बुलाता। इसके बजाए कहा गया - पवित्र मंदिर से निकलो फौरन, सफाई भी करनी पड़ेगी। उन्होंने उठने से साफ मना कर दिया। लेकिन पिताजी और एक अन्य पुरुष ने उन्हें बाजुओं के सहारे उठाया और जबर्दस्ती बाहर ले गए। कुछ देर सुस्ताने के बाद उठ कर चलना ही था। और मां के साथ जो हुआ वह भले ही उनके साथ पहली बार हुआ लेकिन थी तो आम बात ही।

मंदिर के मुख्य दरवाजे के बाहर रास्ते में मां को एक डॉक्टर के नाम का बोर्ड दिखा और वह सीधे अंदर चली गईं। दादी लाख कहती रहीं कि यह तो पुरुष डॉक्टर है, इसं कैसे दिखाएगी, और यह भी कि सफर में इतने पैसे खर्च करने की क्या जरूरत है। दो दिन बाद घर पहुंच ही जाएंगे, तब वहां दाई को दिखवा लेंगे। लेकिन मां ने किसी की नहां सुनी। वह डॉक्टर सहृदय निकला। उसने एक लेडी डॉक्टर को बुलवाया और बिना ज्यादा फीस लिए पूरा जरूरी इलाज किया।

घर वापसी पर कुछ दिन शांति से बीते। फिर एक दिन दादी को मां के पैरों की अंगुलियों से चांदी के बिछुए गायब मिले। ये तो शादीशुदा होने की निशानी हैं। ऐसे कैसे कोई इन्हें निकाल कर रख सकती है। लेकिन बड़ा सदमा तो सबको तब लगा जब मां ने इसका कारण बताया। वो अपने बिछुए सुनार को बेच आई थीं और मिले पैसे तिरुपति के उसी डॉक्टर के नाम मनीऑर्डर से भेज दिए। चिट्ठी में लिखा कि रुपए भेज रही हूं ताकि उन जैसी तकलीफ की मारी, पैसे से लाचार औरतों का इलाज जारी रखने में डॉक्टर को मदद मिले।

इसके बाद तो जिसने यह किस्सा सुना, एक ही बात कही- "पागल है ये "।

(यह लेख पहले चोखेर बाली पर दिया था। वहां मिली प्रतिक्रियाओं के लिए देखें यह लिंक)

Saturday, March 15, 2008

मानवाधिकार

(सफी आबदी की यह कविता सुंदर लगी तो आप सबके साथ बांट रही हूं। एक छोटे हिस्से का अनुवाद भी मैंने किया है। उसके नीचे अंग्रेजी में पूरी कविता दे रही हूं। - आर. अनुराधा)

…वो कहते हैं, न्याय मांगना नहीं है गुनाह
सुनता हूं आप जो करते हैं मानवाधिकार की बात...
मैं नहीं मांगता धरती की
आधी संपत्ति अपने लिए
नहीं चाहता बादशाहत
किसी विशाल जागीर की
न ही मुझको है
स्वर्गारोहण की चाह
मैंने हमेशा मांगी है तो बस,
अपने हिस्से की ठंडी छांव...
(मूल कविता – सफी आबदी की ह्यूमन राइट्स)

Human Rights


..............A phrase in journals foreign
Embroidered
To seek justice's not a crime, I'm told
Yours a human rights issue, so I hear.

But my reality's unfairness applauded

Freedom and honor are words spoken…
A lullaby sang to ears ready for sleep.

Though I am only a human
Chasing a dream denied
My dilemma is tossed around
Circles mighty unwise
And my reality's noted
In resolutions unfeasible.

I ask not that I be given half
The earth's resources
I ask not that I be anointed a king
Presiding over a grand empire
I ask not that I be transported
To a heavenly abode.

All I ever wanted
Was the shade of an olive tree
Uprooted from a courtyard nabbed
But I am booed like a clown gone sour:

What's with him that he won't celebrate
And sing along? I am teased.
What's with me that I dare to die
Before the rockets land on
My bared back?
What's with me that I can't lie still
And be relaxed in my chambers of hell?
What's with me that I can't digest
The flavor of the mighty gun?
Why isn't he smiling at the bullet
In the face pointed?


What's wrong with being subjected
To tyranny premeditated?
Why doesn't he just call it a day?

- Safi Abdi (Palestine, 2004)

ऑस्ट्रेलिया से भारत वाया अमेरिका

आज के नवभारत टाइम्स में छपे इस लेख को देखें।

Friday, March 14, 2008

कोई शहीद होता है, कोई मारा जाता है!

युद्ध, तनाव और पत्रकारिता की भाषा पर कुछ नोट्स

(महाभारत के संजय को पहला पत्रकार कहा गया था क्योंकि उसने धर्मेक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में जो हुआ, उसे धृतराष्ट्र को उसी रूप में सुनाया। मान्यता है कि संजय ने दिव्यदृष्टि से जो देखा, उसका आंखोदेखा हाल सुनाया होगा। यही उम्मीद पाठक दर्शक शायद आज के पत्रकारों से करता है। लेकिन क्या जो होना चाहिए, वो ही है। भरोसे से ये बात कहना आसान नहीं है। भारत के संदर्भ में गांव-शहर, पिछड़ा प्रदेश-अगड़ा प्रदेश, अल्पसंख्यक-बहुसंख्यक, हिंदीभाषी-अहिंदीभाषी, सवर्ण-अवर्ण, स्त्री-पुरुष, स्लम-पॉश जैसे विभाजनों से पत्रकारिता मुक्त नहीं हुई है। यहां पर चर्चा करते हैं इजराएल-फिलस्तीन संघर्ष के बारे में इजराएली मीडिया में हो रही रिपोर्टिंग की। ये संदर्भ इसलिए कि तनाव के क्षणों में ही पक्षपात ज्यादा सघन रूप में सामने आता है, वरना तो सब कुछ ठीक ठाक ही चलता नजर आता है। - दिलीप मंडल)

- इजराएली मीडिया के लिए इस संघर्ष में दो पक्ष हैं। एक इजराएली सेना और दूसरा फिलस्तीनी हमलावर या आतंकवादी।
- इजराएली सेना हमेशा किसी खबर को कन्फर्म करती है जबकि फिलस्तीनी हमेशा दावा करते हैं। मिसाल के तौर पर खबर छपती है कि - फिलस्तीनी पक्ष ने दावा किया है कि इजराएली फौज की फायरिंग में एक बच्चे की मौत हो गई है।
- इजराएली फौज जब फिलस्तीन में घुसकर किसी फिलस्तीनी को पकड़ लाती है तो इजराएली मीडिया उसे गिरफ्तारी बताता है। भारतीय संदर्भ में आप कल्पना कीजिए कि पाकिस्तानी फौज हमारी सीमा के अंदर आकर किसी को पकड़ ले जाती है तो क्या उसे गिरफ्तारी कहेंगे।
- इजराएली फौज ने 2006 में फिलस्तीनी सीमा में घुसकर सत्ताधारी पार्टी हमास के 60 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया था। उनमें 30 सांसद और आठ मंत्री थे। इन सबको उनके घरों से रात में उठा लिया गया था।
- इजराएली फौज जब फिलस्तीनी क्षेत्र में घुसकर फायरिंग करती है तो मीडिया इसे हमेशा जवाबी कार्रवाई के तौर पर रिपोर्ट करता है। जबकि फिलस्तीनी जब इजराएली क्षेत्र में घुसकर हमला करते हैं तो ये हमेशा आंतकवादी कार्रवाई के तौर पर रिपोर्ट होता है।
- इजराएली मीडिया के हिसाब से उसकी फौज कभी हत्या नहीं करती है। इस शब्द को फिलस्तीनी हमलों के लिए सुरक्षित रखा गया है।
- मीडिया रिपोर्टिंग के मुताबिक, इजराएली फौज कभी भी हमले की शुरुआत नहीं करती, वो हमले का जवाब देती है। वो आत्मरक्षा में हमला करती है। लेकिन फिलस्तीन की फौज कभी भी आत्मरक्षा में हमला नहीं करती। वो हमेशा हमले की शुरुआत करती है।
-इजराएली हमले में जो भी मरता है, वो हमास का महत्वपूर्ण पदाधिकारी होता है। इजराएली फौज ने एक हमले में मारे गए जिस शख्स को हमास के मिलिटरी विंग का गाजा चीफ बताया था वो कैदियों के क्लब का सेक्रेटरी था।

तो खबरें हमेशा वो नहीं होतीं जो बताई जाती हैं। इस जानकारी का स्रोत counterpunch.org पर आप देख सकते हैं। वैसे अंतरराष्ट्रीय मीडिया एजेंसी जिस तरह की खबरें हम तक फीड करती हैं उसमें भी ये पक्षपात नजर आता है। देखनेवालों को दिख जाता है। जो भोले हैं वो खुश रहते हैं।

Thursday, March 13, 2008

वो कहते हैं हमसे...(भाग-2)

भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तहत आने वाली दूसरी मीडिया इकाइयों की तरह इसमें भी रिक्रिएशन क्लब है। यह सालाना खेल-कूद कार्यक्रमों का आयोजन भी करता है। क्लब का चंदा तो महिला-पुरुष से बराबर ही वसूला जाता है लेकिन महिलाओं के लिए इनमें भाग लेने के मौके न के बराबर ही होते हैं।

तो, जब पुरुषों ने अपने बैडमिंटन मैचों के लिए अभ्यास करना शुरू किया तो देख कर दो-एक उत्साही महिलाओं को भी जोश आया और अब तक वंचित रही उस कोर्ट भूमि पर महिलाओं की चरण-धूलि भी पड़ ही गई। उन्हें कोर्ट में देख कुछ और महिलाएं प्रेरित हुईं और आज स्थिति यह है कि रोजाना लंच टाइम के पहले आधे घंटे में महिलाएं खेलती हैं, तभी पुरुषों की बारी आती है।

विभाग की महिलाओं की ओर से यह एक अच्छी शुरुआत रही। लेकिन यहां तक पहुंचने के दौरान उन्हें पुरुषों की खूब टिप्पणियां सुनने को मिलीं-

" एक ही दिन में ज्यादा मत खेलो। घर जाकर खाना भी बनाना है।"
" शॉट मार रही हो या किसी के गाल सहला रही हो।"
" चिड़िया को चिड़िया मारे, ये भी कोई खेल हुआ!"
इत्यादि।

-आर. अनुराधा
Custom Search