Custom Search

Saturday, February 9, 2008

किडनी ट्रांसप्लांट के लिए बनेगा एसईजेड

(दरअसल एक मीडिया हाउस में किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट और बजट की खबरें एक ही टेबल पर रखी गई थी और खबर बनाने वाले ने दोनों कों एक ही खबर का हिस्सा मान लिया। उन्होंने जो खबर लिखी वो इस तरह है। - दिलीप मंडल)

देश के वित्त मंत्री डॉक्टर अमित चिदंबरम ने इस साल के बजट में एक क्रांतिकारी प्रस्ताव रखा है। बजट 2008 के लिए उनका प्रस्ताव है कि किडनी ट्रांसप्लांट उद्योग के लिए हर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक एसईजेड बनाया जाएगा। ये एसईजेड दस साल तक टैक्स फ्री जोन होंगे और इन एसईजेड में में जबरन किडनी निकालना दंडनीय अपराध नहीं होगा। उनके इस प्रस्ताव का सभी दलों के सांसद ने मेज थपथपा कर स्वागत किया।

वित्त मंत्री ने कहा कि देश को मेडिकल टूरिज्म से होने वाली आमदनी की सख्त जरूरत है। ये आमदनी साल दर साल बढ़ रही है, लेकिन इसकी संभावनाओं का सही तरीके से दोहन नहीं हुआ है। पूरे यूरोप, मिडिल ईस्ट और अमेरिका में भारतीय किडनी का बाजार है। लेकिन इतने बड़े बाजार को अभी तक सही तरीके से टैप नहीं किया गया है। इसलिए अब इस सेक्टर को बूस्ट करने की जरूरत है। जितनी किडनियां भारत में हैं, उसका दुनिया में कोई मुकाबला नहीं है। पहले हम किडनी बाजार पर कब्जा करेंगे और फिर लिवर के बाजार पर।

वित्त मंत्री ने कहा कि एसईजेड में किडनी ट्रांसप्लांट होने से ये उद्योग फलेगा-फूलेगा। टैक्स छूट मिलने से ज्यादा से ज्यादा डॉक्टर इस क्षेत्र में आएंगे। इससे रोजगार के मौके बढ़ेंगे। डॉक्टर और मेडिकल प्रोफेशन के लोगों को छोड़ भी दें तो जिनकी किडनी निकाली जाएगी, उन्हें भी पैसे मिलेंगे। इस तरह हजारों लोगों को आमदनी होगी और देश की जीडीपी भी बढ़ेगी। सर्विस सेक्टर और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की तरह ऑर्गन ट्रासप्लांट सेक्टर भी देश की तरक्की का कारण बन सकता है। देश में ऐसे करोड़ों लोग हैं जिनकी किडनी निकाली जा सकती है। हम इस मामले में पूरे विश्व की जरूरतें पूरी कर सकते हैं। मांग ज्यादा हो तो हम कुछ लोगों की दोनों किडनियां भी निकाल सकते हैं। हम नंबर वन बन सकते हैं। भारत फिर से विश्व में सबसे आगे होगा (तालियां)।

वाणिज्य मंत्री ने चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि किडनी ट्रांसप्लांट एसईजेड में होने के कई फायदे हैं। एसईजेड पर कई तरह के कानून लागू नहीं होते। उन्होंने कहा कि कानून मंत्रालय को अंग प्रत्यारोपण अधिनियम में संशोधन करने का प्रस्ताव भेजा है, जिसके बाद किसी की किडनी जबरन निकालना अपराध नहीं होगा। बल्कि जो लोग किडनी देने से मना करेंगे उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने की अनुमति होगी। किसी को देश के विकास में आड़े आने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

इसके अलावा एसईजेड में बाकी अंगों के ट्रांसप्लांट की भी व्यवस्था होगी। ऐसे एसईजेड एयरपोर्ट के पास होंगे और उनके लिए जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी मुहैया कराएगी। इसलिए जमीन अधिग्रहण का भी कोई झगड़ा नहीं होगा। विदेश से मरीज आएंगे, अपने जरूरत के अंग की शॉपिंग करेंगे, ट्रांसप्लांट कराएंगे और चले जाएंगे। इस तरह हमारे देश में ढेर सारा डॉलर और यूरो आएगा। वित्त मंत्री ने घोषणा की है कि किडनी ट्रांसप्लांट में इस्तेमाल होने वाले इक्विपमेंट पर इंपोर्ट ड्यूटी खत्म कर दी गई है(तालियां)।

नेता प्रतिपक्ष ने मांग रखी कि ऐसे एसईजेड को मंजूरी देते समय विपक्षी दलों द्वारा शासित राज्यों के साथ भेदभाव न किया जाए। वित्त मंत्री ने आश्वासन दिया कि सभी राज्य ऐसे एसईजेड के प्रस्ताव केंद्र के पास भेज सकते हैं। बोर्ड ऑफ एप्रूवल उन पर समान भाव से विचार करेगा।

Thursday, February 7, 2008

एक दलित पत्रकार की तलाश - भाग 2

सवाल तो आसान था और जवाब भी उतना ही आसान हो सकता था। सवाल था - आपकी जानकारी में क्या कोई ऐसा दलित पत्रकार है जो किसी मीडिया संस्थान में महत्वपूर्ण पद पर हो। महत्वपूर्ण पद पर का मतलब क्या? फैसला लेने वाले ऊपर के बीस पदों को महत्वपूर्ण मान लीजिए। ये सवाल एक साथ मोहल्ला, कबाड़खाना, इयत्ता और रिजेक्टमाल पर डाला गया था।

जवाब में आए तीन नाम- बनवारी जी, गंगा प्रसाद और ए एल प्रजापति। बनवारी जी अरसा पहले रिटायर हो गए हैं, गंगा प्रसाद जी जनसत्ता में पटना कॉरेसपॉंडेंट हैं और ए एल प्रजापति जी दलित नहीं ओबीसी हैं। मुझे अलग अलग संस्थानों में इन तीनों के साथ काम करने का मौका मिला है। दरअसल इस सवाल का जवाब सीधा और आसान-सा है। इक्कीसवीं सदी के पहले दशक के उत्तरार्ध में लोकतांत्रिक देश भारत की मीडिया में एक भी दलित किसी महत्वपूर्ण पद पर नहीं है। दलित मतलब क्या? दलित यानी इस देश का हर छठा आदमी। तो इसमें क्या बात हो गई? बात तो है। इसका असर दरअसल उस कंटेंट पर पड़ता है जो मीडिया बनाता है। सवाल विश्वसनीय होने का है। सवाल उस प्रामाणिकता का है, जिसका मीडिया में दूसरे कई और कारणों से भी क्षरण हो रहा है।

चलिए हम आपको डेढ़ साल पीछे ले चलते हैं। हमने 28 मई, 2006 का दिन चुना और दिल्ली से छपने वाले उन आठ अखबारों केस स्टडी के तौर पर लिया, जो सबसे ज्यादा बिकते हैं। हिंदी और इंग्लिश के इन अखबारों में पहले पेज की हेडलाइन पर नजर डालिए :

- आत्मदाह के प्रयास से जाग उठा अतीत
- आरक्षण की आग-आत्मदाह पर उतरे आंदोलनकारी
- आरक्षण-दो ने किया आत्मदाह का प्रयास
- आरक्षण के विरोध में आत्मदाह की कोशिश
- कटक में मेडिकल छात्र ने किया आत्मदाह का प्रयास
- एंटी रिजर्वेशन स्टर गेट्स फायरी
- मंडल वन-रिरन
- इमोलिशन बिड्स एट कटक, डेल्ही


28 मई, 2006 का अखबार इसलिए क्योंकि 27 मई वो तारीख है जब आरक्षण विरोधी आंदोलन की सबसे बड़ी सभा दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई थी। ये हेडलाइंस और उनकी भाषा जो कह रही है वो तो आप देख पा रहे हैं, लेकिन ये हेडलाइंस कई बातें नहीं बता रही हैं। टेलीविजन की पुरानी खबरों का रिकॉर्ड रखना थोड़ा मुश्किल होता है। लेकिन टेलीविजन कोई अलग कहानी नहीं कह रहे थे। सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज के रेकॉर्ड से निकालकर उस दिन के टेप देखे जा सकते हैं।

27 तारीख को खुद को जला लेने के दो मामले हुए और दोनों को मीडिया ने आरक्षण विरोधी आंदोलन का हिस्सा बताया। पहला केस तो रामलीला मैदान का ही है। उस दिन जो ऋषि गुप्ता जला था वो बिहार का रहने वाला और हलवाई (अतिपिछड़ी जाति) का है। मैट्रिक फेल ऋषि छात्र नहीं है बल्कि वो पूर्वी दिल्ली में छोटी सी दुकान चलाता था।

ये बात मैं इसलिए जानता हूं क्योंकि जले हुए ऋषि से मिलने 28 मई की रात मैं खुद सफदरजंग अस्पताल पहुंचा था और वहां उसके पिता मुझे वार्ड में रोते हुए मिले। मुझसे जितना बन पड़ा, उनकी उतनी मदद मैंने की थी। वो चाहते थे कि उनके बेटे पर आत्महत्या की कोशिश का मुकदमा कायम न किया जाए। उन्होंने बिहार के एक बड़े नेता से मुलाकात कराने के लिए कहा था और वो काम हो गया था। यूथ फॉर इक्वेलिटी के टॉप नेता और एम्स के रेडियोथेरेपी डिपार्टमेंट के डॉक्टर हर्ष मेरे अच्छे और पुराने परिचित हैं। उन्होंने मीडिया को बाइट दी और लिखित बयान भी जारी किया कि जलने वाले युवक का आरक्षण विरोधी आंदोलन से कोई लेना-देना नहीं है।

इसके अलावा कटक में जिस छात्र के आत्मदाह की खबर छपी उसके बारे में अखबारों में ही अंदर के पन्नों पर छपा था कि वो डिप्रेशन का शिकार था और उसे अस्पताल में भर्ती इसी वजह से कराना पड़ा था। वहां आत्मदाह की कोई कोशिश ही नहीं हुई थी और ये रिजर्वेशन से जुड़ी घटना नहीं है। इसके बावजूद मीडिया ने इन घटनाओं को खास तरह से देखा और दिखाया।

क्या ये सिर्फ संयोग है? क्या आपने सोचा है कि मीडिया में आरक्षण के पक्ष में कोई संयोग कभी क्यों नहीं होता। धर्म या जाति के सवाल पर जब इस पार या उस पार जैसे सवाल आते हैं तो मीडिया के पैर हमेशा फिसलते क्यों नजर आते हैं? क्या है इसकी वजह? सोचकर बताइए और हां, कहानी अभी खत्म नहीं हुई है दोस्त। आप सिर्फ ये बताइए कि और सुनने का धैर्य और साहस आपमें है या नहीं। अगर नहीं है तो आपके सुंदर मंगलमय जीवन में उथलपुथल मचाने का मेरा कोई इरादा नहीं है। बगल के कमरे में लाश सड़ रही हो तो भी आपको नींद आ सकती है।

जरूरत है कम्युनिस्ट साधुओं की

विजयशंकर चतुर्वेदी

(यह टिप्पणी 'अब यहाँ से कहाँ जाएं हम' शीर्षक पोस्ट पर आयी थी. किसी वजह से यह मोडरेट होने की प्रतीक्षा करती रह गयी. बहरहाल, टिप्पणी गंभीर है और पाठकों का ध्यान चाहती है. विलम्ब के लिए क्षमा याचना सहित पेश है विचारशील पत्रकार विजय शंकर की यह टिप्पणी)

मुझे कई बार ऐसा लगता है कि भारत में असली साम्यवादी विचारधारा को फैलाने के लिए भारतीय तरीकों का उपयोग करना चाहिए. समाजवादियों और साम्यवादियों ने विदेशी तरीके अपना कर सारा गुड़ गोबर कर दिया है. समाजवादियों और कम्युनिस्टों में ऐसे अनेक मनीषी और विचारक रहे हैं जिन्होंने अपने जीवन से कई भारतीय संतों और साधकों को पसीने छुड़ा दिए. लेकिन उनकी सारी साधना एक ईश्वर विरोध के प्रचार के सामने धूल में मिल गयी.

भारती कम्युनिस्टों को भी गेरुआ धारण करके अपनी बात रखनी चाहिए. पाखंडी गेरुआधारी नहीं! कम्युनिस्ट बाबाओं के ऐसे हज़ारों दल बनाने चाहिए जो जनता के बीच लोकायत, चारवाक तथा सांख्य दर्शन के राजदूत बन सकें. तभी दक्षिणा और दक्षिणपंथी अमानवीय विचारधारा को हटाने में सफलता मिल सकती है. वरना आपका सारा प्रयास आपके ख़िलाफ़ विदेशी विचारधारा ओर तथाकथित अभारतीयता के दुष्प्रचार के अस्त्र से मिट्टी में मिलाया जाता रहेगा.

दक्षिणपंथियों ने ऐसा माहौल बना दिया है कि वे ही सच्चे भारतीय हैं ओर उनकी बेईमानियों पर जो चोट करे, वह अभारतीय! ऐसे में जनता आपकी बात सुनने से पहले ही उसे खारिज कर देती है या प्रतिरोधी मूड में आकर सुनती है.

अगर हमने अपनी बात समझाने के भारतीय तरीके अपनाए तो यह सच्ची भारतीय जनता के साथ हमारी ईमानदारी होगी. इसके लिए बहस के उन तरीकों को अपनाना होगा जिसकी एक झलक राहुल सांकृत्यायन ने 'वोल्गा से गंगा' के एक अध्याय में दिखाई है. अब तो बहस के वे आदाब भी नहीं रहे.

...और मार्क्सवाद को विदेशी विचार समझने-समझाने की प्रवृत्ति पर भी चोट करनी होगी. इसकी जड़ें भारतीय वैदिक संस्कृति में मौजूद हैं. प्रतिरोध की धारा का वह स्रोत ढूंढ़ना होगा; तब अपनी बात बनेगी. वह स्रोत किस तरह बाधित और मूँद दिया गया इसका पर्दाफाश करना होगा. बौद्ध धर्म को भारत से नेस्तनाबूद करने की कोशिशों का अमानवीय इतिहास रहा है.

इस देश में कबीर जैसे साधनहीन समाज सुधारक कवि ने प्रचार-प्रसार विहीन काल में भी उत्तर ही नहीं दक्षिण में भी अपनी चौपालें और दल तैयार कर लिए थे. ये दल आज भी अपनी-अपनी शक्तियों के साथ भारत भर में नए-नए स्वरूपों में उपस्थित हैं. यह नेटवर्क आज भी हमारे बड़े काम आ सकता है.

यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि आज देश में जो अखंडता है वह समाजवादियों या कम्युनिस्टों की वजह से है, वह इन्हीं शक्तियों की वजह से बरकरार है. दक्षिणपंथियों की चोट वही परम्परा झेल रही है और बहाल है. ऐसे ही नहीं सदियों से इस परम्परा के वाहकों को जाहिल, असभ्य, दलित करार देकर मुख्यधारा से अलग-थलग रखा गया है. यही लोकायत की परम्परा के वाहक हैं. लेकिन इस परम्परा के साथ भी जब हम 'धर्म अफ़ीम है' से शुरुआत करते हैं तो वह बिदक कर दूर जा खड़ी होती है. क्या इससे लगता नहीं कि हमने शुरुआत ही ग़लत ढंग से की है. अगर लगता है तो अब उस भूल सुधार का समय आ गया है.

यहाँ यह स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि यह भूल सुधार सत्ता के मद में चूर और चुनाव जीतने को अपना एकमात्र लक्ष्य बना चुके तथाकथित वामपंथियों की न तो जरूरत है न ही उनके वश की बात. यह सुधार वही करेंगे जो जनता के सच्चे संघर्षों में जनता के सच्चे हितैषी बनकर काम कर रहे हैं या करना चाहते हैं. अपनी सीमाओं में ही सही, कहीं न कहीं से इसकी शुरुआत तो करनी ही होगी. गोली-बंदूक की रणनीति बेहतर मानव-इकाई बनाने की दिशा में स्थायी बदलाव नहीं ला सकती.

यह सारी बातें मैनें 'पार्वत्याचार्य' पीठ स्थापित करने वाला लेख पढ़ने के बाद ही लिखीं हैं. स्पष्ट है की पुरूषवादी धर्मसत्ता के ख़िलाफ़ एक कदम उठाने मात्र से कैसी-कैसी प्रतिक्रियाएं हो रही हैं. इससे अन्दाजा लगाना मुश्किल नहीं कि पुराने समय में इस सर्वेसर्वा धर्म-व्यवस्था में स्त्रियों की क्या स्थिति रही होगी. उन लोगों को शर्म आनी चाहिए जो गोपा, लोपमुद्रा, कात्यायिनी जैसी कुछ विदुषियों का उदाहरण देकर प्राचीन परम्परा को बहुत उज्जवल बताया करते हैं. लेकिन चाचा गालिब ने कहा ही है- 'शर्म तुमको मगर नहीं आती.'

Wednesday, February 6, 2008

गुलशन गंगाधरसिंह सुखलाल की कविताएँ

कुछ दिन पहले एक मित्र ने ई मेल के जरिए कुछ कविताएं फॉरवर्ड कीं। पढ़ना शुरू की तो सचमुच इंप्रेस हो गई उस कलम से और आपका उससे परिचय कराने से खुद को रोक नहीं पाई। कविताओं से पहले कवि का एक छोटा सा परिचय -
शिक्षा : बी. ए. एम. ए, हंसराज कॉलिज, दिल्ली विश्वविध्यालय, भारत 1995-2000, फ़ुलब्राईट स्कॉलर, 2005, पी-एच. डी. पर शोध जारी

नौकरी : वरिष्ठ व्याख्याता, हिंदी विभाग, महात्मा गांधी संस्थान, मोका मॉरिशस

यह परिचय एक वेब साइट http://www.anubhuti-hindi.org/dishantar/g/gulshan/index.htm से उठाया और फिर देखा ये कविताएं तो इस वेब साइट ' अनुभूति' पर भी उपलब्ध हैं। बहरहाल, ये रहीं मॉरीशस में रह रहे गुलशन गंगाधरसिंह सुखलाल की तीन कविताएं-


प्रतिनिधि

अब पहचानने लगा हूँ तुमको

पिछले कई वर्षों से
साल में एक दो बार
तुम्हारी कुछ झलकियाँ देखता आया हूँ।

तुम वही हो न
जो राष्ट्रीय स्तर के
हर सांस्कृतिक कार्यक्रम में
पहली पंक्ति के एकदम बाद
कैमरे के फ़्रेम में एकदम फ़िट
दिख ही जाते हो?

और तुम वही हो शायद
जो ग़ज़ल से लेकर भजन तक
शास्त्रीय नृत्य से लेकर गायन तक के
हर बड़े कारयक्रम में
‘आर्ट’ कही जाने वाली फ़िलमों के प्रीमियर में
दिखने से बचते हो नहीं
चमकते हैं तुम्हारे डिज़ाईनर कपड़े
सूट, टाई, शेरवानी, स्लीवलैस ब्लाउज़
शाल...
भाता है तुम्हारे बैठने का अन्दाज़

शुरू में लगा मुझे कि
तुम्हें इन सब का बड़ा ज्ञान है
रूचि है शायद तुम्हारी

... और जिस अन्दाज़ में तुम
ग़ज़ल की मेहफ़िल में
सीर्फ़ ओठ हिलाकर वाह-वाह करते
या भजन सन्ध्या में
एक ऊँगली पर टेककर माथा
ध्यान मग्न रहते
ऐसा लगना था ही मुझे

लेकिन...
अब पहचानने लगा हूँ तुमको

तुम वही हो न
जिसके बच्चे विदेश से
यहाँ सीर्फ़ छुट्टियाँ मनाने आते हैं?
वही हो न तुम
जिसे रोमन लिपि में हनुमान चालीसा चाहिए
जिसके यहाँ परम्पराएँ
सीखीं जाती हैं
टी.वी पर देखकर
सिरियल...

हाँ तुम वही हो
जो चुनावों से साल भर पहले
कुछ ज़्यादा ही नज़र आते हो
ऐसी जगहों पर जहाँ तुम
हमारे लिए उनके
और उनके लिए हमारे
प्रतिनिधि की तरह दिख सको।

हमारे लिए तुम
हमारे जैसों के लिए तुम
महफ़िलों, सन्ध्याओं, पर्फ़ोमैंसज़ में
रूचि के लिए
वो बन जाते हो
जिसके पीछे हम
भागा करते हैं।
और इसी लिए शायद
उनके लिए तुम
हमारे प्रतिनिधि बन जाते हो
...उनका एक ऐसा चेहरा
जिसमें हम अपना चेहरा देखने का
शौक रखते हों।


फ़र्क इतना होता है
कि हमारी ताप,
हमारी चोट,
हमारी टीस
और हमारी खीस की तुममें
सीर्फ़ छाया होती है
जबकि वास्तव में होते हो तुम
इन सब से रिक्त,
नपुंसक !

अब पहचानने लगा हूँ तुमको
भाषा,
धर्म,
संस्कृति
सभ्य-ता
बौद्धिकता के नाम पर
मुझे उसको
और उसे मुझको
बेचने वाले
दलाल हो तुम।

पासवर्ड

सुबह जब जागा
तो मोबाईल को चार्ज पर से निकाला और
ऑन करने के लिए कोड डाला
तैयार होकर ऑफ़िस पहुँचा
वहाँ दरवाज़े का कोड डालकर लाल बत्ति हरी की
फिर कंप्यूटर ने माँगा अपना पासवर्ड
और जब पैसे निकालने ए.टी.एम. तक पहुँचा
तो एक और…
कोड...

दिन भर के कामों को अनलॉक करता हुआ
जब शाम को घर पहुँचा
तो सीधे बिस्तर पर क्रैश हो गया
पड़ोसी, दोस्त और रिश्तेदार तो एंटर कर नहीं पाए
बीवी, बच्चों, माता पिता को भी मेरी दुनिया में
एक्सैस मिला नहीं...

ज़िंदगी में बेमानी हो चली
कुछ भावनाओं, नर्मियों को
दिल के जिस फोलडर में रखा था
उसका पासवर्ड...
मैं कहीं भूल गया।

समय का दाम

पच्चीस रुपए घड़ी!
घड़ी पच्चीस रुपए!
राजधानी की गलियों में
मैंने समय को सस्ते दामों में बिकते देखा है

तुम वहाँ नहीं जाते
तुम्हारी एयर कंडीशन गाड़ी के शीशे
वहाँ नहीं खुलते
वह तुम्हारी घड़ी नहीं है
वह तुम्हारा समय नहीं है

समय वो मेरा हैं
सस्ता और टिकाऊ
इसीलिए तुम हर पाँच साल
कुछ वादों का चिल्लर देकर
मेरे पाँच साल खरीद जाते हो
सस्ते में...

Tuesday, February 5, 2008

पार्वत्याचार्य विवाद; एक नज़र और

प्रणव प्रियदर्शी

30 जनवरी की अपनी पोस्ट 'अब यहाँ से कहाँ जाएं हम' पर आयी टिप्पणियां देखने के बाद मुझे इस पर कुछ और कहने की जरूरत महसूस हुयी. लेकिन उससे पहले, अपनी मूल टिप्पणी मे मैं एक छोटा सा संशोधन करना चाहता हूँ. टिप्पणी के, नीचे से दूसरे पैराग्राफ मे मैंने कहा है कि 'सुधारवाद हमे कई बार प्रगतिशीलता के भुलावे मे ऐसे खतरनाक मोड़ों पर लाकर छोड़ देता है जहाँ चयन का खास मतलब नही रह जाता.' संशोधन यह है कि कई बार नही, हमेशा. सुधारवाद की यह अनिवार्य विशेषता है. सुधारवाद समस्या की भयानकता को कम करने का एहसास दिलाता है, लेकिन उसके मूल तर्क को चुनौती नही देता. लिहाजा कुछ समय बाद, किसी न किसी रूप मे वही समस्या फिर हमारे सामने होती है. कई बार तो ज्यादा भयावह बन कर लौटती है.

अपनी इसी विशेषता की वजह से सुधारवादी नजरिया त्रुटिपूर्ण माना जाता है.

सुधारवाद है क्या? सुधारवाद अच्छाई की दिशा मे बढ़ने की कामना और बुराई से टकराने की हिम्मत की कमी - इन दोनों के घालमेल की उपज होता है.

कोई भी बड़ी समस्या ले लीजिये. सुधारवादी नजरिया पहले मान लेगा कि उसे हल करना संभव नही. (यह बात कई बार घोषित रूप मे कह दी जाती है, लेकिन अक्सर यह अघोषित भी होती है.) उसके बाद यह दलील देगा कि उसके असर को कम करने का प्रयास ही व्यावहारिक और वांछनीय है. उदाहरण
- वेश्यावृत्ति ख़त्म नही की जा सकती, इसे कानूनी दर्जा दे देना ही 'बुद्धिमानी' है. कम से कम (यह शब्द ध्यान देने लायक है, हर बार यह शब्द जरूर होता है) वेश्याओं की हालत कुछ तो सुधरेगी.

- भ्रष्टाचार ख़त्म नही किया जा सकता. कम से कम दफ्तरों मे खुलेआम रिश्वत मांगे जाने पर तो रोक लगाने की कोशिश की जाये.

- असमानता ख़त्म नही की जा सकती. मगर गरीब और अमीर के बीच इतना अंतर!!! इसे थोडा कम करने का प्रयास क्यों नही होता?

- ग्लोबलाइजेशन को नही रोका जा सकता. लेकिन इसे मानवीय चेहरा प्रदान करने की कोशिश जरूर की जा सकती है.

- भारत मे धर्म को चुनौती नही दी जा सकती. हाँ उसके पाखण्ड को, उसके कर्म काण्ड को कम करने का प्रयास किया जाना चाहिए.

- हिन्दू धर्म मे जाति की बुनियाद बहुत मजबूत है. उसे तो नही हिलाया जा सकता. लेकिन विभिन्न जातियों के बीच जो नफरत की भावना फ़ैली हुयी है उसे कम करने की कोशिश तो हो.

- पूंजीवाद का अब कोई विकल्प नही है. उसे नही हटाया जा सकता. लेकिन उसकी बुराइयों को कम करने की कोशिश जरूर कर सकते हैं और वह की जानी चाहिए.

वगैरह, वगैरह... यह सूची अनंत है. सुधारवादी नजरिया हर जगह मौजूद है. अगर संदर्भ से काट कर देखें तो वह प्रगतिशील भी दीखता है. लेकिन मूल रूप मे वह पस्त हिम्मती की ही उपज होता है. कभी-कभी वह ऐसे किसी व्यक्ति के मुंह से भी निकलता है जिसने भोलेपन मे उस नज़रिये को अच्छा समझ स्वीकार किया हो, लेकिन इससे इसके अन्तिम प्रभाव पर कोई फर्क नही पङता. समस्या अंततः इससे उलझती ही है.

पार्वत्याचार्य के विवाद को इसी पृष्ठभूमि मे रखने का मेरा इरादा था. अपनी समझ से मैंने रखा भी था. लेकिन जैसा कि भाई संजय तिवारी की प्रति टिप्पणी से साफ था कि मेरी कोशिश सफल नही हुयी. अनुराधा ने अपनी प्रति टिप्पणी मे दलितों के मंदिर प्रवेश के सटीक उदाहरण के जरिये यह तो साफ कर दिया कि महिलाओं के लिए पार्वत्याचार्य कोई बेहतर विकल्प नही है, पूजा प्रसाद ने भी यही राय जाहिर की, लेकिन सुधारवाद की यह पृष्ठभूमि अस्पष्ट रह गयी थी. पार्वत्याचार्य विवाद के पीछे व्यक्तिगत दांव-पेंच आदि जो भी हों, हिन्दू धर्म को चुनौती दिए बगैर इसके तय खांचों के भीतर ही महिलाओं के लिए पुरुषों के समान स्थान सुनिश्चित करने का भाव मुख्य भूमिका मे है. इसीलिए यह सुधारवादी नज़रिये के घेरे मे आता है. और इसीलिए मौजूदा सामाजिक-आर्थिक ढाँचे को बरकरार रखते हुए महिलाओं के लिए इसी ढाँचे मे समानता हासिल कर लेने का आन्दोलन चलाने वाली नेत्रियों के लिए यह चुनौती थी कि वे पार्वत्याचार्य विवाद की विसंगतियों को कैसे रेखांकित करती हैं.

एक दलित पत्रकार की तलाश है...

...जो किसी मीडिया संस्थान में महत्वपूर्ण पद पर हो। आप पूछेंगे ये एक्सरसाइज क्यों? बारह साल पहले वरिष्ठ पत्रकार बी एन उनियाल ने यही जानने की कोशिश की थी। 16 नवंबर 1996 को पायोनियर में उनका चर्चित लेख इन सर्च ऑफ अ दलित जर्नलिस्ट छपा था। उस समय उन्होंने प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो के एक्रिडेटेड जर्नलिस्ट की पूरी लिस्ट खंगाल ली थी। प्रेस क्लब की भी मदद ली। लेकिन वो अपने मित्र विदेशी पत्रकार को मुख्यधारा के किसी दलित पत्रकार से मिलवा नहीं पाए। उनियाल साहब के काम को पाथब्रेकिंग माना जाता है और इसकी पूरी दुनिया में चर्चा हुई थी।

1996 के बाद से अब लंबा समय बीत चुका है। क्या हालात बदले हैं? यकीन है आपको? जूनियर लेवल पर कुछ दलितों की एंट्री का तो मै कारण भी रहा हूं और साक्षी भी। लेकिन क्या भारतीय पत्रकारिता में समाज की विविधता दिखने लगी है? अभी भी ऐसा क्यों हैं कि जब मैं पत्रकारिता के किसी सवर्ण छात्र को नौकरी के लिए रिकमेंड करके कहीं भेजता हूं तो उसे कामयाबी मिलने के चांस ज्यादा होते हैं। दलित और पिछड़े छात्रों को बेहतर प्रतिभा के बावजूद नौकरी ढूंढने में अक्सर निराशा क्यों हाथ लगती है? क्या जातिवाद की बीमारी मीडिया के बोनमैरो में घुसी हुई है। क्या हम इसके लिए शर्मिंदा है? क्या हम इस पाप का प्रायश्चित्त करने के लिए तैयार हैं?

( आज ये लिखते हुए मुझे एस पी सिंह याद आ रहे हैं, पत्रकारिता में सामाजिक विविधता लाने के लिए वो हमेशा सचेत रहे। मेरा और मेरी तरह के कुछ दर्जन लोगों का पत्रकारिता में आना उनकी ही वजह से हो पाया। मुझे याद है कि मंडल कमीशन विरोधी आंदोलन के समय उन्होंने आरक्षण के पक्ष में स्टैंड लिया था और टाइम्स हाउस में इस बात के पोस्टर लगे थे कि एसपी सिंह चमार हैं। विरोधों से टकराने की वजह से ही एसपी सिंह एसपी बन पाए। टाइम्स सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज के हर बैच में किसी न किसी मुसलमान और अवर्ण छात्र का होना कोई सामान्य बात नहीं है। एसपी सिंह और राजेंद्र माथुर को इसके लिए कितना विरोध झेलना पड़ा होगा, इसकी कल्पना मैं नहीं कर सकता। लेकिन जो धारा के साथ बहे उन्हें कौन याद रखता है? देखिए मरे हुए एसपी का नाम जिंदा लोगों से ज्यादा चर्चा में है कि नहीं?)

नस्लवाद की आदिभूमि अमेरिका के फॉक्स और सीएनएन में आपको ब्लैक, हिस्पैनिक और जैना विरजी, अंजली राव और मोनिता राजपाल जैसे भारतीय दिख जाएंगे। ये चेहरे वहां इसलिए नहीं है कि वो अनिवार्य रूप से सबसे टैलेंटेड हैं। दरअसल नस्लभेदी अतीत को लेकर अब वहां पश्चाताप है। इसलिए अब सचेत ढंग से ये कोशिश हो रही है कि अमेरिकी समाज के अलग अलग तरह के चेहरे सभी क्षेत्रों में दिखें। वहां के बड़े कॉरपोरेट गर्व के साथ कहते हैं कि उसके स्टाफ में ब्लैक की संख्या उनकी आबादी से ज्यादा है। अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए एक मिली जुली नस्ल का शख्स आगे बढ़ रहा है और उसे श्वेतों का भी समर्थन है।

ऐसे में सवाल है कि भारत कब बदलेगा? और क्या आपका भी इसमें कोई योगदान होगा? ये मत भूलिए कि दलितों को किसी की दया की जरूरत नहीं है। वो समानता का अधिकार चाहते हैं और वो किसी से कम योग्य नहीं हैं। बल्कि खुद की साबित करने की जरूरत उन्हें ज्यादा जीवट वाला बना देती है।
-दिलीप मंडल

Sunday, February 3, 2008

आपने ऐसा पावरफुल वीडियो देखा है?

पॉल रॉबसन का ओल्ड मैन रिवर आपने सुना होगा। नहीं सुना है तो कोई बात नहीं। पॉल रॉबसन अमेरिका में अरसे बाद चर्चा में हैं। अरसे तक अमेरिका में उनकी चर्चा तक नहीं हुई। अब इस संगीतकार, गीतकार, अभनेता, फुटबॉलर, एथलीट, मानवाधिकार कार्यकर्ता पर डाक टिकट जारी कर अमेरिका ने एक तरह से अपने पाप धोने की कोशिश की है। इस शानदार शख्सियत को वामपंथी विचारधारा से प्रभावित होने के आरोप में दो साल तक हॉलीवुड से बैन किया गया था। उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया था। उन्हें काफी समय विदेशों में रहना पड़ा। और शक तो यहां तक है कि उनकी स्वाभाविक मौत नहीं हुई बल्कि उन्हें सीआईए ने मार डाला।

वैसे भी पॉल रॉबसन उस दौर में रंगभेद के खिलाफ और न्याय के पक्ष में डटे रहे जब अमेरिका में किसी काले या इंडियन को मारने पर मुकदमा कायम नहीं होता था और समूह द्वारा की गई ऐसी हत्याओं के पोस्ट कार्ड छापे और पोस्ट किए जाते थे। ऐसे पोस्टकार्ड आपको नेट पर बहुतेरे मिल जाएंगे।

अद्भुत चीजों के कबाड़खाना में अशोक भाई ने पिछले दिनों पॉल रॉबसन के गाए ओल्ड मैन रिवर गीत का ऑडियो डाला था। अब देखिए उसका वीडियो। एक शानदार, दमदार और बहादुर शख्सियत को हमारी श्रद्धांजलि।



पढिए उस गीत के बोल:

O' man river,
Dat ol' man river,
He mus' know sumpin'
But don't say nuthin'
He jes' keeps rollin'
He keeps on rollin' along.
Long ol' river forever keeps rollin' on...
He don' plant tater,
He don' plant cotton,
An' dem dat plants 'em
Is soon forgotten,
but ol' man river,
He jes' keeps rollin' along.
Long ol' river keeps hearing dat song।
You an' me, we sweat an' strain,
Body all achin an' racked wid pain.
Tote dat barge!
Lif' dat bale!
Git a little drunk
An' you land in jail.
Ah, gits weary
An' sick of tryin'
Ah'm tired of livin'
An' scared of dyin',
But ol' man river,
He jes'keeps rollin' along!


Darkies work on de Mississippi,
Darkies work while de white folks play,
Pullin' dose boats from de dawn to sunset,
Gittin' no rest till de judgement day.
Don't look up
An' don't look down,
You don' dast make
De white boss frown.
Bend your knees
An' bow your head,
An' pull date rope
Until you' dead.
Let me go 'way from the Mississippi,
Let me go 'way from de white man boss;
Show me dat stream called de river Jordan,
Dat's de ol' stream dat I long to cross.

लीजिए, भाषा के जनपक्ष पर बहस का एक और पहलू

-विजयशंकर

(ये लेख ई-मेल से आया है। पिछले दिनों रिजेक्ट माल और कबाड़खाना में भाषा पर चली चर्चा में आप शामिल हो चुके हैं। बातचीत नुक्ते के इस्तेमाल को लेकर छिड़ी थी। अभय तिवारी, उदयप्रकाश से लेकर किसी जनसेवक जी महाराज तक के विचार आप जान चुके हैं । अब पढ़िए विजयशंकर जी को।)

मेरी जानकारी में हिन्दुस्तानी अमीर खुसरो के समय उन सिपाहियों के बीच से उभरी है जो मुग़ल सेना में साथ-साथ रहते थे. इनमें कुछ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तथा अधिकांश ईरान, खुरासान, तुर्की और आज के अफगानिस्तान तथा उज़बेकिस्तान के जवान हुआ करते थे. इनकी आपसी बोल-चाल के मिश्रण से जो भाषा उभरी वह उत्तर भारत में पसरती गयी. यही रोजमर्रा के कामकाज में इस्तेमाल होने लगी और आगे चलकर इसी में व्यापार होने लगा, नौकरियाँ मिलने लगीं. आम सैनिक कार्रवाइयों तथा जनता के बीच अहम ऐलानों की भाषा भी यही बनती गयी. इसे ही उर्दू कहा जाता है. तत्कालीन शासकों को भी अरबी-फारसी की दुरूहता के आगे जनता की इस बोली-ठोली को तसलीम करना पड़ा.

उत्तर और पूर्वी भारत के जिस इलाके में जिस बोली का असर था, उसने उर्दू को अपना लहजा, अपना तेवर दिया. जैसे पछांही, अवधी, ब्रज, मगही, बघेली, बुन्देली, बांग्ला, उड़िया, इत्यादि.

वो कहते हैं न कि जिस भाषा में धंधा हो सकता है वही भाषा जिंदा बचती है. यह बात आज भी सच है. इसलिए मैं इसे हिन्दी-उर्दू या हिन्दी-अंग्रेजी के झगड़े से जोड़ कर नहीं देख पाता क्योकि इबारत स्पष्ट है. जो लोग इसे हिन्दू-मुस्लिम की भाषा या भारतीय-विदेशी का संघर्ष बताते हैं, उनका ऐसा करना समझ में आता है.

और अब तो हिन्दी-उर्दू के नाम पर कई सफ़ेद हाथी पल रहे हैं. ये कैसे मूल बात समझने देंगे?

मेरे जानते फारसी या संस्कृत आमजन की भाषा कभी नहीं रही. भारतेंदु हरिश्चन्द्र के ज़माने में जब हिन्दी पद्य से भाषा का गद्य में संक्रमण हुआ तब भाषा कुछ वैसी होती थी जैसी कि आज भी कर्मकांडी पंडित सत्यनारायण की कथा सुनते हुए उपयोग में लाते हैं-- (एक नमूना)-- 'तो सुकदेव जी महराज नारद जी से कहते भये.'

हिन्दी की शुरुआती कहानियों में (रानी केतकी की कहानी) यही हिन्दी आपको मिलेगी. इसे हिन्दी या उर्दू न कहकर खड़ी बोली कहा गया. यानी पद्यात्मक और घुमावदार न होकर जो थोड़े प्रयत्न से सीधे-सीधे बोली और लिखी जा सके. अगर हिन्दी की यात्रा इसी रास्ते चलती तो आज हिन्दी-उर्दू का झगड़ा शुरू न होता, न ही संस्कृतनिष्ठ हिन्दी का पचड़ा सामने आता. क्योकि उस भाषा में अद्भुत प्रवाह था और वह भाषा के संक्रमण की स्वाभाविक प्रक्रिया थी.. उसे काशी के पंडित नहीं आगे बढ़ा रहे थे. वह सदल मिश्र, लल्लूलाल और इंशा अल्लाह खान तथा भारतेंदु जैसे जनता के लोगों के हाथ में थी.

लेकिन यहीं से उस हिन्दी -उर्दू का दुर्भाग्य शुरू होता है. इसे संस्कृत के पंडों ने झपट लिया. जैसे तुलसी दास को भाषा (अवधी) में रामचरितमानस लिखने पर काशी और अयोध्या के पंडों ने (मानस का हंस) जाति बाहर करने की कोशिशें की थीं, उसी तरह हिन्दी को विद्वज्जनों की भाषा में ढाल दिया गया. उधर उर्दू वालों ने अरबी-फ़ारसी के शब्द और शब्द बन्ध ठूंसने शुरू किए. नतीजा ये हुआ कि यह जनता के लिए दोनों तरफ से एक दुरूह भाषा बनती गयी. आगे चलकर इसे हिन्दुओं और मुसलमानों की भाषा का जामा पहना दिया गया. दोनों तरफ से सियासत शुरू हुई. अंग्रेजों ने इसे हवा दी और आज आज़ाद भारत में जिस तरह मुस्लिम राजनीति पस्त है उसी तरह उर्दू भी.

लेकिन हिन्दी ने इस भाषिक जकडन से मुक्त होने की कोशिश लगातार की है. परीक्षा में पास-फेल होने का झंझट ख़त्म होने के बाद कई लेखकों और अन्य क्षेत्र के जानकारों ने इसी हिन्दी का दामन थामा है. महात्मा गांधी इसी हिन्दी के हिमायती थे और इसे हिन्दुस्तानी कहते थे. मज़े की बात तो यह है कि जनता नेताओं के भाषण इसी हिन्दुस्तानी में समझती थी.

जैसा कि मैंने ऊपर याद दिलाया है कि भाषा वही ज़िंदा रहती है जिसमें धंधा चलता हो. इसमें यह और जोड़ लीजिये कि लोग उसी भाषा की ओर लपकते हैं जिसमें रोज़गार मिलता हो. आज कितने मुसलमान उर्दू पढ़ना चाहते हैं और कितने हिन्दू हिन्दी?

मैं जिस शहर में रहता हूँ, वहाँ शिवसेना मराठी के अलावा और कुछ चलने नहीं देना चाहती. लेकिन लोकल ट्रेन में उसका वश नहीं चलता. शिवसेना के कट्टर से कट्टर आदमी की बगल में मराठी आदमी भी बैठा हो तो वह हिन्दी में ही बात शुरू करता है. फिर यहाँ की हिन्दी का स्वरूप और उसका विकास देखना भी दिलचस्प है.

उलझन यह है कि लिखते समय आप किस तरह की हिन्दी का उपयोग करें? यह लिखने के स्वरूप पर निर्भर करता है. अगर औपचारिक लेखन है तो उसमें भाषा, शब्द-पद, वाक्य और व्याकरण के ख़ास नियमों को ध्यान में रखा जाना चाहिए. लेखन अगर अनौपचारिक है तो इन सारे बंधनों से छूट मिलनी चाहिए. ब्लॉग लेखन को लोग फिलहाल अनौपचारिक मान रहे हैं. तब इतनी हाय-तौबा क्यों? जो मर्जी लिखिए, हिंग्लिश में लिखिए, मुम्बईया में लिखिए, महमूद की हैदराबादी हिन्दी में लिखिए, या टिपिकल बिहारी में लिखिए.

जहाँ तक नुक्ते की बात है तो मेरा मत यह है कि या तो सही जगह नुक्ता लगाइये, या इसे भूल ही जाइए. ग़लत जगह नुक्ता लगाने से अर्थ का अनर्थ हो सकता है. अगर हम 'ख़ुदा' को 'खुदा' और 'ज़ेब' को 'जेब' लिखेंगे तो वही फ़जीहत होगी जो 'बदन' और 'वदन' का फ़र्क न कर पाने से होती है. यहाँ बता देने में कोई गुरेज नहीं है- ज़ेब का अर्थ है शोभा और अगर कभी आपकी जेब कटी होगी तो जेब का अर्थ आप जानते ही होंगे. बदन का अर्थ है देह, और वदन का अर्थ मुख.

हिन्दी भाषा की प्रकृति अविरल बहने की ही रही है.चाहे इसे विद्वानों ने कितना भी अपने कब्जे में करना चाहा, यह नदी के उद्दाम वेग की तरह आगे बढ़ती रही है. संस्कृत के तत्सम और तद्भव शब्द इसी में आपको मिलेंगे. अंग्रेजी के कितने ही शब्द हिन्दी कुल में शामिल हो चुके हैं. कुछ शब्द तो ऐसे हैं कि आपको सिर्फ इसी हिन्दी में मिलेंगे. जैसे जुगाड़मेंट. इसी हिन्दी में कई शब्द आपको उर्दू के लग सकते हैं लेकिन वे हैं असल में तुर्की, पुर्तगाली या फ्रांसीसी के.

अरबी, फ़ारसी और अग्रेज़ी से आए शब्दों की फेहरिस्त लम्बी है. इसकी वजह यह है कि इन्होंने भारत पर बड़े अरसे तक शासन किया. यहाँ यह भी ध्यान रखना चाहिए कि मुग़ल तुर्क थे इसलिए तुर्की के शब्द भी हिन्दी में बहुत मिलेंगे. कुछ उदाहरण पेश करता हूँ-

अंग्रेज़ी शब्द- साकइल, रेल, टिकट, स्टैंप, पुलिस, निब, स्टोव, टेलीफोन, फोटो, सिनेमा आदि.

फ़ारसी शब्द- औरत, खजांची, खुशामद, जमीन, सरकार, सिफारिश, अंगूर, आबाद, आस्तीन, गुलाब, चपाती, जंजीर, दरी, नमक, नाश्ता, परदा, प्याला आदि.

तुर्की शब्द- तोप, तमगा, दारोगा, बारूद, बंदूक, कुली, बेगम, बहादुर, लाश आदि.

फ्रांसीसी- रेस्तरां, कूपन, अंग्रेज़ी, कारतूस, रिपोर्ताज आदि.

जापानी- रिक्शा

पुर्तगाल- गिरजा, पादरी, काजू, चाबी, बिस्किट, कमीज़, तौलिया आदि.

उत्तर तथा पूर्वी भारत की बोलियों के तो हजारों शब्द हिन्दी में घुले-मिले हुए हैं. इन सबके हिन्दी में आने की एक यात्रा रही है. देवभाषा से पाली, प्राकृत और अपभ्रंस होते हुए.

फिर भी अगर कोई जिद करे कि वह तो पूर्वी हिन्दी लिखेगा. तो उसे किसने रोका है? कोई कहे कि वह संस्कृतनिष्ठ हिन्दी लिखेगा तो उसे कौन मना करता है? लेकिन उससे जब नफ़ा-नुकसान होगा तो वह ख़ुद राह लग जायेगा.

रही बात ज्ञान-विज्ञान की. तो भाई, पहले हिन्दी में आधुनिक ज्ञान के शास्त्र लिखो, नयी-नयी खोजें करो, तब न अपनी शब्दावालियां बनाओगे? या खाली कूदते रहोगे कि कम्यूटर अंग्रेजी में क्यों पढ़ाया जाता है या जीव विज्ञान के शब्द-पद ऐसी अबूझ हिन्दी में क्यों है? समझना चाहिए कि ये शब्द-पद या तो पर्यायवाची हैं या समानार्थी. अगर आपका शोध नहीं है तो आपकी शब्दावली भी नहीं होगी. तब तो ऐसे ही रट्टा मारना पड़ेगा और हिन्दी का रोना उसी तरह रोना पड़ेगा जिस तरह उर्दू वाले रोते हैं.

फिर भी हिन्दी की यह उदारता है कि स्पुतनिक तथा सॉफ्टवेयर जैसे शब्द लगते ही नहीं कि ये रूसी और अंग्रेज़ी के हैं. है न ये अजस्र और अविरल धारा!

मेरा सुझाव यह है कि फिलहाल आप इसी हिन्दी का इस्तेमाल करें, जिसका बखान मैं ऊपर कर आया हूँ. और हो सके तो इसमें कुछ योगदान करते चलें.

Thursday, January 31, 2008

अब यहाँ से कहाँ जाएं हम?

प्रणव प्रियदर्शी


नयी खबर उत्तराखंड से आयी है. वहाँ साध्वी माँ योगशक्ति ने जैसे धमाका कर दिया है. उन्होने शंकराचार्य की तर्ज पर एक नया पद बनाया पार्वत्याचार्य. उनका कहना है कि जैसे शंकराचार्य भगवान महादेव यानी शंकर के प्रतीक हैं वैसे ही पार्वत्याचार्य माँ पार्वती की प्रतीक होंगी. माँ योगशक्ति ने इसी महीने की १४ तारीख को हरिद्वार मे एक धार्मिक अनुष्ठान के बाद माँ ज्योतिषानंद सरस्वती को विश्व की प्रथम पार्वत्याचारी घोषित कर उनका पदाभिषेक भी कर दिया. शंकराचार्य की ही तरह पार्वत्याचार्य माँ ज्योतिषानंद को रजत दंड, कमंडल, छत्र प्रदान किया गया है.

खास बात यह कि माँ योगशक्ति के इस कृत्य से हरिद्वार का संत समाज क्षुब्ध है. उसने बाकायदा माँ योगशक्ति के खिलाफ धर्मयुद्ध घोषित कर दिया है. माँ योगशक्ति को दी गयी महामंडलेश्वर की उपाधि भी छीन ली गयी है. यह उपाधि इसी संत समाज ने उन्हें प्रदान की थी. इन पुरुष संतों का कहना है कि माँ योगशक्ति ने पार्वत्याचारी का पद सृजित कर न केवल अपनी मर्यादा का उल्लंघन किया है बल्कि शंकराचार्य पद की गरिमा को भी नुकसान पहुँचाया है.

इन विरोधों से बेपरवाह माँ योगशक्ति कहती हैं कि वे चारो पीठों के शंकराचार्यों की तरह चार पार्वत्याचार्य बना कर ही रहेंगी.

एक महत्वपूर्ण तथ्य यह कि हरिद्वार और रुड़की जैसे उत्तराखंड के छोटे शहरों मे जहाँ यह विवाद पहुंच चुका है, वहाँ की आम महिलाए माँ योगशक्ति के पक्ष मे खुल कर बोलने लगी हैं. उनका कहना है कि यह संत समाज का पुरुषवादी अहं ही है जो वे पार्वत्याचार्य बनाए जाने का विरोध कर रहे हैं. अन्यथा शंकराचार्य की गरिमा को तब क्या नुकसान नही पहुंचा था जब एक के बाद एक नये - नये शंकराचार्य उदित होते रहे? इसी वजह से आज सौ के करीब शंकराचार्य हो गए हैं.

बहरहाल, यह बहस खासी दिलचस्प है. यह प्रकरण महिला चेतना के विकास और धार्मिक रूढिवादिता की मजबूत होती जकडन का मिला-जुला रूप है और इस बात का बेहतरीन उदाहरण भी कि सुधारवाद हमे कई बार प्रगतिशीलता के भुलावे मे ऐसे खतरनाक मोड़ों पर लाकर छोड़ देता है जहाँ चयन का खास मतलब नही रह जाता. आप कोई भी मोड़ चुनें, वापस वहीं पहुंच जाते हैं जहाँ से चलना शुरू किया था.

देखना दिलचस्प होगा कि ऐप्वा और ऐड्वा से जुडी प्रगतिशील महिलायें इस विवाद पर क्या रुख अपनाती हैं!

Wednesday, January 30, 2008

भाषा क्या सिर्फ बात है?

...अगर ऐसा होता तो शुद्धता और अशुद्धता की बहस का कोई मतलब नहीं होता। संवाद के माध्यम के रूप में भाषाई शुद्धता की अपेक्षा कम लोग ही करते हैं। संवाद के माध्यम के रूप में ब्लॉग में भी भाषा की शुद्धता की जरूरत मुझे तो नहीं लगती। बात है, की गई, समझ में आ गई। बात खत्म। या बात शुरू। लेकिन भाषा का सिर्फ यही एक काम तो नहीं है। भाषा तो शक्ति और प्रभुत्व और दबदबा कायम करने का औजार भी है।

भारतीय समाज का आज का ये सबसे बड़े डिफ्रेंशिएटर भी है। अंग्रेजी बोलने वाले भारतीय भाषाएं बोलने वालों से बड़े। अच्छी अंग्रेजी बोलने वाले टूटीफूटी अंग्रेजी बोलने वालों से बड़े। शुद्ध हिंदी बोलने वाले अशुद्ध हिंदी बोलने वालों से बड़े। नुक्ते लगाना वाले नुक्ते न लगाने वालों से बड़े। संस्कृतनिष्ठ बोलने वाले देसी भाषा बोलने वालों से बड़े। बांग्ला का रवींद्र संगीत वहां की पल्लीगीती से महान। पुणे की मराठी मालवण की मराठी से भली। मेरठ-आगरा की हिंदी झंझारपुर-पूर्णिया की हिंदी से बेहतर।

भाषा, साहित्य, संस्कृति, कला सभी जगहों पर तो आपको ये दिख जाएगा। दरअसल हमारा इस यथास्थिति को एक हद तक चुनौती दे रहा है (लेकिन साथ में भेदभाव के नए प्रतिमान भी गढ़े जा रहे हैं)। घरानों के संगीतकारों को अब लोकमाध्यमों में (दूरदर्शन को छोड़कर) धेले भर को कोई नहीं पूछता (उनके शो अब विदेशों में ज्यादा होते हैं, जहां के एनआऱआई अपनी जड़ों की तलाश में बेचैन हैं) और आए दिन कोई अनगढ़ संगीतकार-गीतकार शास्त्रीय सुर-ताल की ऐसी की तैसी करके महफिल लूट ले जा रहा है।

भाषा में भी तो कहीं ऐसा ही नहीं हो रहा है और जो शुद्धता के उपासक हैं उन्हें इस बात का भय तो नहीं कि उनकी टेरिटरी में कोई ऐसे ही कैसे घुसा चला आ रहा है? शास्त्रीय हिंदी साहित्य की आज दो कौड़ी की भी औकात नहीं है। रचनाएं दूसरे प्रिट ऑर्डर के लिए तरस रही हैं और पहला प्रिंट ऑर्डर 500 से ऊपर कभी कभार ही जाता है। हिंदी का साहित्य तो आज पाठकों से आजाद है। लेकिन मास मीडिया के सेठ को तो पैसे चाहिए। वो दर्शकों और पाठकों से आजाद क्योंकर होना चाहेगा।

और फिर अखबार और टीवी में भाषा कहीं इसलिए तो नहीं बदल गई है कि उनके पाठक और दर्शक बदल गए हैं। अंग्रेजी में तो अशुद्ध के लिए जगह नहीं होती। वहां मिलावट की भाषा लिखने का अधिकारी भी वही है जिसका अंग्रेजी पर अच्छा अधिकार है। वहां भाषा के साथ सबसे ज्यादा खिलवाड़ एम जे अकबर जैसे लोग करते हैं। लेकिन हिंदी में मिलावट का स्पेस बनता चला जा रहा है। अशुद्ध के लिए भी अब काफी जगह है। और ऐसा लिखने वाले कई लोग ऐसे हैं जिन्हें दरअसल ढंग की हिंदी नहीं आती। पढ़ने वालों को भी नहीं आती। क्या ये जश्न मनाने का समय है? या रोने-धोने का? पता नहीं? आपकी समझ में आ रहा है, तो बताइए।

बात क्योंकि नुक्ते से शुरू हुई है, इसलिए अब तक की बहस के बाद मुझे ऐसा लगता है कि जिन्हें नुक्ता लगाने की तमीज है वो नुक्ता जरूर लगाएं। क्योंकि इसके बिना भाषा से कुछ ध्वनियों का लोप हो जाएगा। और इससे भला कोई कैसे खुश हो सकता है। रेडियो के लिए तो ये बुरी बात ही कही जाएगी। इसलिए इरफान भाई से हमें लगातार नुक्ते वाली हिंदी सुनने को मिले, यही कामना है। लेकिन जिन्हें नुक्ते लगाना नहीं आता वो इसे छोड़ ही दें तो बेहतर या फिर अच्छी तरह से सीख लें और फिर इसका इस्तेमाल करें।

यहां पर आपको अपना निजी अनुभव बताता हूं। जब मैं पत्रकारिता सीखने देश की सबसे प्रतिष्ठित पाठशाला में पहुंचा तो बैच के बाकी लोग राजेद्र माथुर, एसपी सिंह, बाल मुकुंद जैसों से पत्रकारिता सीख रहे थे और मैं अशुद्ध लिखे शब्दों और वाक्यों को रात-रात जगकर दस-दस, बीस-बीस बार लिखकर ऐसी भाषा को साधने की कोशिश कर रहा था, जिससे मुझे रोजगार हासिल करना था। यहां ये बताना जरूरी है कि हिंदी मेरे घर में नहीं बोली जाती। और जिस हिंदी को लिखने की चुनौती थी, वो मेरे शहर में नहीं बोली जाती है। बहरहाल, टाइम्स सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज का जब कन्वोकेशन हुआ तो "कमजोर लिंग" वाले प्रदेश झारखंड के इस लड़के को सर्वश्रेष्ट संपादन का नवभारत टाइम्स अवार्ड मिला। यानी खेल उतना मुश्किल भी नहीं है। इसलिए जब कुछ लोग कहते हैं कि जिस भाषा को बरतना है उसकी तमीज होनी चाहिए, तो उसका मतलब समझ में आता है। लेकिन किस भाषा को बरतना है ये तो तय करना होगा।
Custom Search